फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजधानी एक्सप्रेस में सशस्त्र बदमाशों ने यात्रियों को लूटा, छह RPF सिपाही सस्पेंड

Sun, 09 Apr 2017 06:03 PM IST
amarujala.com- Written by: अखिलानंद तिवारी
विज्ञापन
Rajdhani Express - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गहमर थाना क्षेत्र के करहिया हाल्ट और गहमर स्टेशन के बीच होम सिग्नल नंबर 683/04 के पास रविवार की भोर में दर्जन भर सशस्त्र बदमाशों ने नई दिल्ली-राजेंद्र नगर 12310 डाउन राजधानी एक्सप्रेस की तीन बोगियों में लूट की वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन


पटना जंक्शन पर पहुंचने के बाद जब यात्रियों ने इस घटना की जानकारी जीआरपी और आरपीएफ को दी तो पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में रेलवे सुरक्षा बल के उच्चाधिकारियों ने कोच अटेंडेंट को हिरासत में लेने के साथ ही आरपीएफ के एसआई समेत आरपीएसएफ के छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया।

इस मामले में तीन महिला यात्रियों ने जीआरपी पटना को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर जीआरपी पटना मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। ट्रेन यात्रा कर रहे यात्रियों ने जीआरपी पटना के पुलिस अधिकारियों को बताया कि मुगलसराय जंक्शन से खुलने के बाद ट्रेन गहमर के होम सिग्नल के पास आज भोर में तीन बजकर 29 मिनट से तीन बजकर 53 मिनट तक रुकी हुई थी।
विज्ञापन


इसी दौरान 18 वर्ष के करीब 12 युवा बदमाशों ने असलहों से आतंकित कर कोच संख्या बी-7, ए-4 और जी-8 के यात्रियों के पर्स, सोने के आभूषण, एटीएम, मोबाइल, कैश और कुछ यात्रियों से डायमंड के आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए असलहा लहराते हुए वहां से फरार हो गए।

पटना पहुंचने पर इस घटना की जानकारी यात्रियों ने जीआरपी पटना और आरपीएफ के उच्चाधिकारियों को दी। जानकारी होने के बाद पटना की जीआरपी और आरपीएफ के उच्चाधिकारियों ने आनन-फानन में ट्रेन में चल रहे एस्कार्ट के एक आरपीएफ के एसआई और छह आरपीएसएफ के पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया।

साथ ही बी-7 के कोच अटेंडेंट संजय पासवान को हिरासत में ले लिया। पटना जीआरपी पुलिस ने कोच संख्या बी-7 में यात्रा कर रही महिला यात्री मनीषा अग्रवाल और कोच संख्या ए-4 में यात्रा कर रही मंजू सिंह और नेहा प्रसाद की तहरीर पर सीआर नंबर 17/यू/एस 379 एवं 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले को मुगलसराय जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया।

इस संबंध में पटना रेलवे के एसपी जितेंद्र मिश्र ने बताया कि कोच अटेंडेट को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही एसआई सहित छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। दानापुर मंडल के आरपीएफ कमाडेंट चंद्रमोहन ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें