जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज गांव में रविवार की दोपहर बाद आकाशीय बिजली की जद में आने से एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालूम हो कि उमरगंज गांव निवासी तैमूर अली का पुत्र साहब अली (15) रविवार की शाम को करीब तीन बजे गांव के ससिया के डेरा के पास गधा को चरा रहा था। इसी दौरान बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की जद में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी होते ही आसपास मौजूद लोग दौड़कर उसके पास पहुंचे। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ आनन-फानन में साहब को नगर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन जैसे ही शव लेकर घर आए, कोहराम मच गया। लोग चीख-पुकार करने लगे। मौजूद पास-पड़ोस के लोग उन्हें सांत्वना देने में जुट गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में कोतवाल विमल मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।