गाजीपुर में नोनहरा पुलिस ने कासिमाबाद थाना क्षेत्र के महेशपुर चट्टी के पास शनिवार की देर रात सिपाही हत्याकांड के मुख्य आरोपी अर्जुन कश्यप के बेटे अभिमन्यु कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे चालान कर जेल भेज दिया। इस मामले में अभी तक पुलिस 33 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बीते 29 दिसंबर को नोनहरा थाने के कठवामोड़ पुल सुहवल थाना क्षेत्र के कालूपुर और करंडा थाने के मानिकपुर में आरक्षण की मांग को लेकर निषाद पार्टी के लोगों ने चक्काजाम कर दिया था। इसी दिन आरटीआई मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा भी थी। सभा समाप्त होने पर करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष पुलिस कर्मियों के साथ थाने पर लौट रहे थे।
कठवामोड़ पुल के पास जाम की वजह से उनका वाहन फंस गया था। पुलिस कर्मी वाहन से उतरकर जाम समाप्त कराने के लिए कार्यकर्ता से बातचीत करने लगे थे। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने पथराव शुरू कर दिया था।
करीमुद्दीनपुर थाने में तैनात कांस्टेबल सुरेश प्रताप वत्स को पकड़ लिया था और उसकी जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में नोनहरा पुलिस 32 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सुहवल पुलिस ने 200 अज्ञात तथा करंडा थाने की पुलिस ने 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसी क्रम में नोनहरा पुलिस ने शनिवार की रात करीब 11 बजे कासिमाबाद थाने के महेशपुर चट्टी के पास से मुख्य आरोपी अर्जुन कश्यप के पुत्र अभिमन्यु कश्यप को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का चालान कर रविवार को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार गांवों में दबिश दी जा रही है। बताया कि सिपाही हत्याकांड मामले में अब तक कुल 33 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।