मधुबन से होकर जाती जेन जी कनेक्ट यात्रा।संवाद
जस्टिस मोर्चा की जेन जी कनेक्ट यात्रा मंगलवार को 13वें दिन मधुबन से आगे बढ़ते हुए दुबारी और गाजियापुर क्षेत्र के इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों में पहुंची। यात्रा में शामिल सदस्यों ने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान विद्यार्थियों को यात्रा के उद्देश्यों और 10 सूत्री मांगों से संबंधित पर्चे वितरित किए गए। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के संकट से जुड़ी समस्याएं सदस्यों के सामने रखीं। जस्टिस मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार उसकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं की आवाज को एकजुट कर उसे प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देना है। इसके बाद यात्रा सिपाह बाजार और चौथी मिल में नुक्कड़ सभाएं करते हुए घोसी पहुंची। सभाओं में स्थानीय युवाओं और नागरिकों से संवाद कर सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई। यात्रा में शामिल सदस्यों ने रास्ते में पड़ने वाले जर्जर सरकारी स्कूलों और बदहाल स्वास्थ्य केंद्रों का जायजा भी लिया।
जस्टिस मोर्चा के सदस्यों ने सरकारी संस्थानों की बदहाल स्थिति को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा और आम लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ रहा है। संगठन ने दो अक्तूबर तक चिह्नित सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार करने का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी कि तय समय तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मऊ में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। इस मौके पर जय मौर्या, बृजेश साहनी, महक, विवेक, प्रियेश, रजत, सुमन आनंद, शशि भूषण मौजूद रहे।