मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में नमूना लेते जांच अधिकारी ओमप्रकाश यादव।संवाद
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य, रसद एवं औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। टीम ने किराना स्टोर और अमूल दूध एजेंसी का निरीक्षण कर छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव के नेतृत्व में टीम के पहुंचते ही आसपास के दुकानदारों में हलचल मच गई। टीम ने किराना स्टोर पर खाद्य तेल, मसाले, दाल, पैकेज्ड खाद्य सामग्री समेत अन्य वस्तुओं की जांच की। इसके बाद अमूल दूध एजेंसी पहुंचकर दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की। अधिकारियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार नमूने लेकर उन्हें सील किया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से रखने और पैकेट पर अंकित निर्माण व उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।