पत्रकारवार्ता में मीडिया का जवाब देते हुए।
- फोटो : संवाद
जो सिस्टम सही शिक्षा नहीं दे सकता, उसे बदलना जरूरी
पंडित ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में कार्यक्रम खत्म होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेहा बोरा ने कहा कि जो सिस्टम हमें सही शिक्षा नहीं दे सकता है, उसे बदलना जरूरी है। अब उसको बदलने के लिए युवा तैयार है। जंतर-मंतर पर पेपर लीक को लेकर चले मूवमेंट में भी यूपी के युवाओं, नौजवानों की सबसे बड़ी भागीदारी रही है। यहां जिस तरह से छात्रों ने आंदोलन किया, उसने युवाओं को उनकी ताकत का एहसास करवा दिया।
लेखपाल भर्ती, प्राथमिक शिक्षक भर्ती आदि को लेकर लड़ाई लड़ने वाले युवाओं को बल प्रदान करने के लिए देश भर में अलग-अलग कार्यक्रम के माध्यम से आवाज उठाई जा रही है। नेहा ने कहा कि बीएचयू में हॉस्टल में ओबीसी आरक्षण सहित कई मांग है, जिसको लगातार युवाओं की ओर से उठाया जा रहा है।
यहां भी जिस तरह से राजनीति हो रही है, यह ठीक नहीं है। संघ से जुड़े लोगों का एकाधिकार हो गया है। बनारस की ऐतिहासिक दालमंडी को तोड़ा जाता है। धर्म के नाम पर सड़क चौड़ीकरण किया जाता है कि काशी विश्वनाथ तक रास्ता सही होगा। इससे उन लोगों का रोजगार छीना जा रहा है।
नेहा बोरा के कैंपस पहुंचने पर हंगामा, पुलिस रही मुस्तैद
बीएचयू कैंपस में शनिवार को नेहा बोरा के चौपाल को लेकर पुलिस, पीएसी तैनात रही। मेन गेट से लेकर अंदर कार्यक्रम स्थल के बाहर तक पुलिस मुस्तैद रही। यहां दोपहर में नेहा और आईसा के अन्य पदाधिकारियों के पहुंचने पर छात्रों के एक गुट ने जमकर हंगामा मचाया। उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम बीएचयू में नहीं होना चाहिए। इस दौरान पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।