कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से आयोजित जीडी कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा में धांधली का प्रयास करने वाले गिरोह के दो सदस्य और एक सॉल्वर को सोमवार को पांडेयपुर से एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। सदस्यों की शिनाख्त प्रयागराज के नवाबगंज थाना के पचदेवरा अट्रामपुर के शंभू कुमार सरोज और बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना के झुंडों गांव के सौरभ कुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं, सॉल्वर की शिनाख्त नालंदा जिले के लच्छू विगहा महानंदपुर निवासी अजीत कुमार के तौर पर हुई है। आरोपियों के पास से एक फर्जी प्रवेशपत्र, तीन मोबाइल फोन, दो फर्जी आधार कार्ड और 1160 रुपये बरामद किया गया है। लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराके आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया गया है।
प्रदेश के 13 जिलों के 61 परीक्षा केंद्रों में बीते 10 जनवरी से एसएससी की ओर से जीडी कांस्टेबल की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा कराई जा रही है। एसटीएफ की वाराणसी इकाई के एडिशनल एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर इकाई के इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह को सूचना मिली थी कि प्रयागराज निवासी दिलीप कुमार उर्फ डीके और सलमान ने परीक्षा में मूल अभ्यर्थियों की जगह सॉल्वर बैठाया है। दोनों को गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। यह भी सामने आया कि छह फरवरी को पांडेयपुर स्थित देवा महिला महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र में मूल अभ्यर्थी की जगह सॉल्वर परीक्षा देगा। सूचना के आधार पर ही इंस्पेक्टर पुनीत परिहार, अरविंद सिंह, दरोगा आलोक सिंह और कमांडो धीरेंद्र चौबे की टीम ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा और सॉल्वर अजीत कुमार को पकड़ लिया। अजीत अभ्यर्थी मोहम्मद नफीस की जगह परीक्षा दे रहा था। अजीत कुमार की निशानदेही पर परीक्षा केंद्र के बाहर से ही सौरभ कुमार यादव और शंभू कुमार सरोज को गिरफ्तार किया गया।