गंजारी के क्रिकेट स्टेडियम का काम आगामी अप्रैल के मध्य तक पूरा कर लिया जाएगा। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान इंजीनियरों ने मंडलायुक्त को बताया कि परियोजना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बारिश के कारण रुके कार्यों को फिर से शुरू किया जा चुका है और इसे आगामी अप्रैल के मध्य तक पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में आ रही चुनौतियों और बाधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्टेडियम को जोड़ने वाले मार्गों, हरसोस, सुईचक, गंगापुर मार्ग, रोहनियां और गंगापुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया।
इसके लिए अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मार्ग की 7 मीटर चौड़ाई के साथ दोनों ओर 2-2 मीटर केसी ड्रेन और इंटरलॉकिंग टाइल्स का प्रावधान है। सर्विस रोड के लिए 30 मीटर चौड़ाई में भूमि की आवश्यकता थी, किन्तु वर्तमान में वीडीए की ओर से वैकल्पिक पार्किंग स्थल प्रस्तावित होने के कारण इसे दो लेन में निर्माण करना औचित्यपूर्ण होगा।