एनटीपीसी के सेवानिवृत्त अधिकारी मार्तंड शाही हत्याकांड में मास्टरमाइंड दंपती सहित आठ आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अभी हाल ही में इस केस को फास्ट ट्रैक ट्रायल करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने अनुरोध पत्र जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भी भेजा है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि दंपती सहित आठ के ऊपर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इस केस में पुलिस ने न्यायालय में चार्ज शीट दाखिल कर दी है। 90 दिन चली तफ्तीश में पुलिस ने 1345 पन्ने की सीडीआर का आकलन और 63 गवाहों के बयान लेने के बाद हत्या में शामिल आठ आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य इकट्ठा करते हुए आरोप पत्र तैयार किया है।
करोड़ों रुपये की संपत्ति हथियाने के लिए मार्तंड शाही की कानपुर के नौबस्ता में हत्या कर दी गई थी। आठ अगस्त को मार्तंड शाही का शव नौबस्ता पुलिस ने बरामद किया था। कैंट थाना अंतर्गत छावनी क्षेत्र के बुद्ध विहार कालोनी निवासी मार्तंड शाही को धोखे में रखकर उनकी करोड़ों की संपत्ति ककरमत्ता क्षेत्र के जानकी नगर स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में रहने वाले राजेश कुमार चौहान और उसकी पत्नी कंचन सिंह चौहान ने दानपात्र करा लिया।