तटवर्ती इलाकों की ओर बढ़ चला है पानी
गंगा और वरुणा के किनारे रहने वाले बाढ़ पीड़ित अभी पूरी तरह से अपने घरों के अंदर से मिट्टी और मलबा तक साफ नहीं कर पाए थे कि फिर से पानी तटवर्ती इलाकों की ओर बढ़ चला है। सोमवार की शाम को पंचगंगा घाट से लगायत खिड़किया घाट (नमो घाट) तक बाढ़ का पानी देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई थी।
पिंडदान करने आए श्रद्धालुओं को होना पड़ा परेशान
पितृ पक्ष पर अपने पूर्वजों का श्राद्ध व पिंडदान करने आए श्रद्धालुओं को सोमवार को खासा परेशान होना पड़ा। लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर के कारण सभी घाटों का आपसी संपर्क मार्ग टूटने से पुरोहितों ने किसी तरह से पिंडदान व तर्पण किया।
गंगा में बढ़ने लगा जलस्तर।
- फोटो : अमर उजाला
वरुणा का पानी दोबारा आया तलहटी के ऊपर
गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण वरुणा भी उफान पर आ गई है। पानी उतरने के बाद वरुणा नदी का पानी अपने तलहटी में वापस लौट गया था। रविवार से बढ़े जलस्तर के कारण वरुणा भी फिर से हिलोरे मारने लगी है। वरुणा किनारे बसे खालिसपुर और सलारपुर गांव में रहने वालों ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे तक वरुणा का पानी दोबारा अपने तलहटी से ऊपर उठ गया था। इससे लोगों को दोबारा बाढ़ का खौफ सताने लगा है। वहीं बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा और वरुणा में जिला प्रशासन के द्वारा दोबारा एनडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है।