गंगा पुष्कर कुंभ में आए श्रद्धालुओं की कतार मंगला आरती के बाद से ही बाबा विश्वनाथ के धाम में लगनी शुरू हो गई थी। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर दर्शन के लिए जा रहे थे। भक्तों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग भी सड़कों पर लगाई गई है। काफी संख्या में श्रद्धालु मंगला आरती के पहले से ही स्टील की बैरिकेडिंग में बैठ चुके थे। श्रद्धालुओं की कतार गोदौलिया के आगे निकल चुकी थी।
मंगला आरती के बाद आम भक्तो को दर्शन के लिए प्रवेश दिया गया। भक्तों की भारी संख्या के कारण चौतरफा गलियां जाम रहीं। गेट नंबर एक ढुंढिराज हो या सरस्वती फाटक या फिर ललिता घाट गंगा द्वार हर तरफ से भक्तों का रेला मंदिर पहुंच रहा था। भक्तों के लिए मंदिर प्रशासन ने छांव और जगह-जगह पर पानी का इंतजाम भी किया था। वहीं गंगा घाट पर तैनात एनडीआरएफ के जवान तमिल व तेलुगू भाषा में आने वाले भक्तों को जानकारी दे रहे थे।
गंगा पुष्कर कुंभ में भाग लेने के लिए तेलंगाना सरकार के श्रम मंत्री सीएस मल्ला रेड्डी भी शनिवार को बनारस पहुंचे। उन्होंने सपरिवार गंगा स्नान किया और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी भी लगाई। शाम को वह गंगा आरती में भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान अभिषेक शर्मा ने सहयोग किया।
गंगा पुष्कर मेले में आए श्रद्धालुओं की कर रहे सेवा
- फोटो : अमर उजाला
गंगा पुष्कर मेला में शामिल होने आए श्रद्धालुओं की सेवा में भी कई संस्थाएं भी लगी हैं। मेले के पहले दिन ही 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हैदराबाद की गंगोत्री गोआलय संस्था के संचालक हनुमंत राव गजवाड़ा ने बताया कि मठ के अलावा घाटों पर पूजन अर्चन करने आए भक्तों में भी भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया है। सोनापुरा के कालीबाड़ी में श्री कांट वृष्याश्रम एवं अस्सी स्थित छोटानागपुर में पुष्करम मेला में गंगा पूजन करने आए भक्तों के लिए भंडारा कराया जा रहा है।