वाराणसी। सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में सुर, लय, ताल संगम को जिसने देखा वो अभिभूत हो गया। नवोदित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से परिपक्वता को दर्शाया। बुधवार को गंगा महोत्सव में अलग-अलग वर्गों में एकल और समूह नृत्य की यादगार प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। महोत्सव के दूसरे दिन स्कूल कॉलेज की प्रतिभाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में अशोक बालिका विद्यापीठ की शिवांशी राय ने नैनों वाले ने छेड़ा मन का प्याला... गीत पर नृत्य पेश किया। तो वहीं वरिष्ठ वर्ग में कमलापति त्रिपाठी बालिका इंटर कालेज की ऋतु ने घर मोरे परदेसिया..., सरस्वती बालिका इंटर कालेज की शालिनी सेठ ने हर हर महादेव..., सनातनधर्म के आयुष ने कृ ष्ण भजन पर मन मोहक प्रस्तुति दी।
वहीं सीएम ऐंग्लो बंगाली के अजय ने शिव तांडव, इंदिरागांधी बालिका इंटर कालेज की नगीना ने कै इसे खेले जइबू सावन में कजरीया... पर नृत्य किया। दुर्गाचरण की बेला भट्टाचार्या ने बाजत मृदंग..., सुधाकर महिला बालिका इंटर की श्वेता ने नमो नमो नमस्ते.., चिल्ड्रेन एकेडमी की अंकिता ने हर हर शंकर... पर शिव तांडव की बहतरीन प्रस्तुति दी। एकल नृत्य के बाद विद्यालय के कलाकारों ने गंगा प्रदूषण, जल प्रदूषण, जल संरक्षण, महिषासुर मर्दनी जैसे कई विषयों पर नृत्य से दर्शकों को इन समस्याओं के प्रति ध्यान खींचा।
राजस्थानी, लावनी, पंजाबी लोकनृत्यों ने दर्शकों को खूब झुमाया। कार्यक्रम में डॉ. विश्वनाथ दुबे, महोत्सव समिति के सचिव डॉ. अविनाश चंद्र मिश्र, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शिव पूजन द्विवेदी, डॉ. प्रतिभा यादव, डॉ. पद्मजा शर्मा, डॉ. प्रिंयका त्रिपाठी, सुधा सिंह, अर्चना सिंह, डॉ. अविनाश चंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।