छप्पन विनायक में से एक सोनारपुरा स्थित प्राचीन चिंतामणि गणेश मंदिर में गणेश चौथ पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान गणेश का विधि-विधान से शृंगार किया गया। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से लोगों को कतार में लगा कर दर्शन की व्यवस्था की गई। मंदिर महंत चल्ला सुब्बाराव शास्त्री ने बताया कि बाबा को मोदक के लड्डुओं का विशेष भोग अर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि देर रात से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे और पूरे दिन लाखों की संख्या में भक्त भगवान गणेश का दर्शन-पूजन करते हैं।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News Today: दो बच्चियों की मौत के मामले में आया नया मोड़, बिना ओटीपी के खाते से निकले 8.33 लाख
दुर्ग विनायक को लगा 15 क्विंटल मिठाई का भोग
श्रीदुर्ग विनायक गणेश मंदिर (दुर्गाकुंड) में मंगलवार वार्षिक शृंगार महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भगवान गणेश को 15 क्विंटल मिठाइयों का भोग अर्पित किया गया। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चले। 11 भूदेवों ने गणेश अथर्वशीर्ष पाठ और दूर्वा से सहस्त्रार्चन किया। शाम को स्वर्ण-रजत आभूषणों से सुसज्जित भगवान गणेश की दिव्य झांकी सजाई गई। छप्पन भोग के साथ विराट आरती हुई। समस्त आयोजन महंत ज्ञानेश्वर दुबे के सानिध्य में संपन्न हुआ।
गढ़वासी टोला गौमठ मणिकर्णिका घाट स्थित श्रीसिद्धिविनायक मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किए। ब्रह्म मुहूर्त में प्रधान पुजारी राजेंद्र शर्मा दीपू ने श्रीगणेश का पंचामृत स्नान, भव्य श्रृंगार, मोदक-लड्डू का भोग लगाया और महाआरती संपन्न की। दिनभर भजन-संध्या व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित रहे। इस अवसर पर मंदिर महंत पं. गोपाल शर्मा, राजेंद्र शर्मा नित्यानंद शर्मा ज्ञानेश्वर शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
80 सुरक्षाकर्मी बड़ा गणेश के पास रहे तैनात
बड़ा गणेश मंदिर की ओर जाने वाली गलियां, संपर्क मार्ग, डीएवी कॉलेज, कबीरचौरा और काशीपुरा रोड पूरी तरह भक्तों से भरे नजर आए। मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मी लगातार चक्रमण कर रहे थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से 80 सुरक्षाकर्मियों को मंदिर परिसर के चारों ओर तैनात किया गया। वहीं, मैदागिन चौराहे से सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था।