बप्पा को लगाया मोदक का भोग, स्तुति गान में डूबे लोग
- फोटो : अमर उजाला
गणेश महोत्सव के चौथे दिन काशी में गजानन के साथ भगवान शिव की आराधना की गई। एक ओर जहां बप्पा को मोदक से भोग लगाया गया, वहीं देवों के देव महादेव की फूल और पत्तियों से पूजा अर्चना की जा रही है। भगवान गणेश की भक्ति से पूरित और श्रद्धा से समर्पित श्री काशी विद्या मंदिर में उत्सवी उल्लास की निर्झर धरा अविरल बही। मच्छोदरी स्थित प्रांगण सोमवार की सुबह श्रीमंगलमूर्ति के पूजन आरती से दमका तो शाम एक बार फिर प्रतियोगिताओं से चमका।
गणेशोत्सव के चौथे दिन आराध्य की पूजा-अर्चना श्री काशी विश्वनाथ गणपति महोत्सव के संस्थापक संरक्षक श्री रामचरण एंव पंडित भास्कर केलकर ने की। इसी क्रम में शाम को सुलेख व स्मृति आधारित प्रतियोगिता हुई।
गणेशोत्सव में किया गया पौधरोपण
लोकमान्य सार्वजनिक श्री गणेशोत्सव के दौरान सोमवार को ढेलवरिया स्थित बिहारी जी के बड़ा मंदिर में सदस्यों ने 100 से अधिक पौधे लगाए। इस अवसर पर महंत सर्वेश्वर शरण, उपेंद्र विनायक , विनोद त्रिपाठी, गोपी चंद, श्रुति नागवंशी, लेनिन रघुवंशी, दिव्यांशी, संतोष आदि मौजूद रहे।