वाराणसी शहर में कहीं सड़क बन रही है तो कहीं पेयजल की पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई कराई गई है। इस वजह से रास्ते को वनवे कर दिया गया है। ऐसे में कब कहां जाम लग जाए, कहा नहीं जा सकता है। सोमवार को शहर के कई इलाकों में जाम की वजह से दोपहिया, चार पहिया वाहन दिन भर फंसे रहे।
इसके अलावा एंबुलेंस और वीवीआईपी गाड़ियां भी जाम में फंसी रही। नदेसर, चौकाघाट, अंधरापुल आदि जगहों पर दिनभर लोग जाम से जूझते रहे। नदेसर मस्जिद के पास मुख्य सड़क पर क्षतिग्रस्त पेयजल की पाइप लाइन को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। इस वजह से रास्ता वन वे कर दिया गया है। इस वजह से यहां पर सुबह दस बजे ही भीषण जाम लग गया।
लोगों के वाहनों के पहिए थम गए। शाम तक वाहनों की कतार लगी रही। धूप भी इतनी तेज रही कि उसमें खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। उधर चौकाघाट, हुकुलगंज, खजूरी, पांडेयपुर, अंधरापुल में भी लंबा जाम लगा रहा। इसके अलावा गोदौलिया, चौक , मैदागिन आदि जगहों पर भी जाम से लोग परेशान रहे।