फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीटीआई) के चेयरमैन और महाभारत धारावाहिक के धर्मराज युधिष्ठिर की भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चौहान बुधवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की।
वो यहां भारत माता मंदिर स्वदेशी जागरण मंच की ओर से ‘स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा’ में शामिल हुआ। यह यात्रा चीनी सामान के खिलाफ शुरू की गई है। यात्रा रवाना होने से पहले गजेंद्र चौहान ने मंच से चीन और पाकिस्तान की तुलना महाभारत के शकुनि और दुर्योधन से की।
उन्होंने कहा कि इन्हें मारने के लिए धर्मराज को आगे आना पड़ता है। हमारे धर्मराज दिल्ली के सिंहासन पर आसीन हो चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी इनका इलाज करेंगे।
एफटीटीआई की नियुक्ति पर मचे बवाल पर कहा कि कुछ वामपंथी और कांग्रेस विचारधारा के लोग थे। जो 413 से 44 पर आ गए उनको तकलीफ तो होगी ही।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यप्रणाली की प्रशंसा के साथ ही सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की स्थिति भीख मांगने लायक नहीं है। दुख इस बात का है कि राष्ट्रीयता की भावना जगानी पड़ रही है। राष्ट्रीयता का ऋण आखिर कब हम उतारेंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड मेजर जनरल एसपी सिन्हा ने कहा कि इस देश में जब तक जयचंद रूपी पार्टियां रहेंगी तब तक चीन और पाकिस्तान जैसे देश हमारे ऊपर हावी रहेंगे।
जिस प्रकार अंग्रेज व्यापारी बनकर यहां आए और मालिक बन बैठे। उसी प्रकार चीन अपने सामान बेचकर यहां से हजारों करोड़ों डालर इस देश से ले जा रहा है।