रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले बृहस्पतिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-124सी पर उतरौली गांव के समीप हुआ। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजू दिवाकर के अनुसार, नगरहाल्ट थाना क्षेत्र के अवती गांव निवासी सतीश सिंह (23) पुत्र स्व. कन्हैया सिंह और लालबहादुर सिंह (25) पुत्र रमेश सिंह बृहस्पतिवार रात मोटरसाइकिल से भदौरा से रेवतीपुर होते हुए अपने गांव अवती जा रहे थे। रात करीब 10 बजे दोनों उतरौली गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और उसने बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।