प्रदेश के जौनपुर जिले में जनधन खाते में रुपये आने का लालच देकर महिला से 85 हजार रुपये की हुई ठगी का मामला सामने आया है। ठगी की शिकार हुई महिला बनारस की रहने वाली है। उसने जौनपुर जिले के बदलापुर थाने में तहरीर दी है।
वाराणसी के हुकुलगंज मोहल्ला निवासी मीना देवी पत्नी पवन कुमार यादव ने बदलापुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बदलापुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी प्रेमचंद गुप्ता ने प्रधानमंत्री जनधन खाते में पांच लाख रुपये भेजवाने के नाम पर उससे तीन किस्तों में 85 हजार रुपये एंठ लिया।
यह भी कहा है कि जब उसने आरोपी से मोबाइल फोन पर खाते में पैसा भेजने का तगादा किया तो उसने फिर 15 हजार रुपये की मांग की। उसके खाते में विभिन्न तिथियों में 85 हजार रुपये किए लेकिन उसके खाते में पांच लाख रुपये नहीं आए।
बाद में जालसाजी होने की जानकारी होने पर जब पता किया तो मालूम हुआ कि संबंधित खाता इलाहाबाद बैंक की शाखा बदलापुर बबुरा है। जिस खाते में 85 हजार जमा कराए गए वह बदलापुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी प्रेमचंद्र गुप्ता का है। महिला की शिकायत पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।