केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में शिक्षिका और सुंदरपुर की रहने वाली पुष्पा द्विवेदी का आरोप है कि साइन सिटी में एमडी आरिफ नसीम, सीएमडी राशिद नसीम सहित संजीव, अमिताभ, विकास ने शाइन सिटी कंपनी में 25 लाख रुपये गाड़ी और प्लॉट के लिए निवेश कराया था। अब वो वादे से मुकर गए हैं। कंपनी के एसोसिएट संजीव श्रीवास्तव पैसा लौटाने के नाम पर हमेशा टालमटोल कर रहे हैं।
प्रयागराज के करेली निवासी आसिफ नसीम और राशिद नसीम आरोपी दोनों भाईयों ने ज्यादातर लोगों की गाढ़ी कमाई लूटी है। शाइन सिटी इंफ्रा कंपनी के जरिए धोखाधड़ी करने वाले दोनों भाईयों पर कैंट थाने में सिर्फ 36 मुकदमे दर्ज हैं। रोहनिया, चेतगंज, लंका, भेलूपुर सहित अन्य थानों में भी धोखाधड़ी का मुकदमा लोगों ने दर्ज कराया है।
लखनऊ, प्रयागराज सहित अन्य शहरों में भी मुकदमे हैं। वाराणसी में 25-25 हजार का इनाम और लखनऊ में 50-50 हजार का इनाम दोनों पर घोषित किया गया है। इस मामले की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन कर रहा है। कुछ लोग बताते हैं कि पिछले दो साल से दोनों भाई दुबई में रहकर डायमंड का कारोबार कर रहे हैं।