वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से जो भी भर्तियां कराई जाती हैं, उसकी सूचना विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाती हैं। एयरपोर्ट पर नौकरी करने के इच्छुक अभ्यर्थी किसी के बहकावे में ना आएं।
यदि उनको कहीं या किसी के माध्यम से रिक्तियों की सूचना मिलती है तो सबसे पहले एएआई की वेबसाइट पर चेक करने के बाद वहां दिए गए पात्रता मानदंडों व निर्देशों के अनुसार ही फॉर्म भर सकते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बेरोजगार युवाओं के ठगे जाने की बात सामने आ रही है। पिछले दो सप्ताह से अबतक वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बालिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर सहित अन्य जनपदों से दर्जनभर से अधिक युवा फर्जी ज्वाइनलेटर सहित अन्य दस्तावेज लेकर एयरपोर्ट पर नौकरी करने के लिए पहुंचे।
इस तरह के कई मामले प्रकाश में आने के बाद अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है।
ऐसे बनाते फर्जी नियुक्ति पत्र
गिरोह के सदस्य इंटरनेट से भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण का लोगो डाउनलोड कर पूरी तरह से फर्जी नियुक्ति पत्र दे कर बेरोजगारों के साथ ठगी कर रहे हैं। एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा किसी एजेंसी के माध्यम से भर्ती न तो निकाली जाती है और न ही स्थानीय स्तर पर कोई भर्ती होती है।
सभी भर्तियां नई दिल्ली स्थित मुख्यालय से होती है। इधर हाल के दिनों में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से कई बेरोजगार युवा फर्जी दस्तावेज संग एयरपोर्ट नौकरी के लिए आए थे जिन्हें समझा बुझा कर वापस भेजा गया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी की कोई भी वैकेंसी अथॉरिटी के वेबसाइट पर उपलब्ध रहती है। एक बार अथॉरिटी के वेबसाइट पर जरूर चेक कर लें।
बनारस के अलावा कहीं नहीं बनेंगे कार्गों एयरपोर्ट
जौनपुर और बनारस जनपद के बॉर्डर पर वाराणसी हवाईअड्डे के अलावा अलग से अंतरराष्ट्रीय स्तर का कार्गो एयरपोर्ट नहीं बनेगा। मंगलवार को वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक एके राय ने इस तरह की खबर को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि विभाग को ऐसी कोई सूचना नहीं है और वाराणसी एयरपोर्ट पर घरेलू कार्गो टर्मिनल बनाया जा चुका है। यहां जल्द ही अंतरराष्ट्रीय कार्गो टर्मिनल भी बनकर तैयार हो जाएगा।
मालूम हो कि वाराणसी जौनपुर बॉर्डर के समीप अंतरराष्ट्रीय स्तर का कार्गो एयरपोर्ट बनाए जाने को लेकर पिछले महीने एक खबर सामने आई थी। हवाई अड्डे के अधिकारियों का कहना है कि उसके बाद कार्गो में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए। यही कारण है कि ठगी के मामले आए दिन प्रकाश में आ रहे हैं।