वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं को ठगने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को भदोही के अजयपुर का अभिषेक कुमार सिंह बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा और एयर इंडिया के आफिस में अधिकारियों को ग्राउंड स्टाफ की नौकरी ज्वाइन करने का नियुक्ति पत्र दिखाया। मौजूद अधिकारियों ने अभिषेक को बताया कि नियुक्ति पत्र फर्जी है तो वो सिर पकड़ कर बैठ गया।
भुक्तभोगी अभिषेक ने बताया कि उसने तीन बार में ऑनलाइन तरीके से 45 हजार रुपया जमा किया था। उसके मोबाइल पर एक दिन कॉल आई थी कि एयरपोर्ट में नौकरी करना चाहते हैं तो ऑनलाइन आवेदन करें। उसने आवेदन किया और कॉल करने वालों के निर्देशानुसार साहूकार से व्याज पर रुपया उधार लेकर खाते में जमा किया।
अभिषेक को किसी तरह से समझाबुझाकर अधिकारियों ने घर भेजा। इस संबंध में एयरपोर्ट सुरक्षा प्रभारी संतोष मौर्य ने बताया कि हवाईअड्डे पर नियुक्ति की नोटिस एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाती है। ठगों से बचने के लिए वेबसाइट पर विवरण देखा जा सकता है।