कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच वाराणसी स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत भरी बात यह है कि पहले कोरोना पॉजिटिव युवक की चौथी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। फूलपुर निवासी युवक दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 22 मार्च से भर्ती है। हालांकि अभी युवक अस्पताल में ही रहेगा।
दुबई में काम करने वाला युवक दुबई से दिल्ली फ्लाइट और दिल्ली से ट्रेन से वाराणसी आया था। यहां आने के बाद उसकी तबियत बिगड़ी तो वह अस्पताल गया जहां 21 मार्च को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से डाक्टरों की टीम आइसोलेशन वार्ड में उसकी निगरानी कर रही थी। नियमानुसार हर 3 दिन पर कोरोना संक्रमित युवक के सैंपल की जांच कराई जाती है।
अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से जो 3 नमूने भेजे गए थे वह पॉजिटिव आए थे। बुधवार को ही आईएमएस बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी लैब में चौथा सैंपल भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट अब नेगेटिव आई है। इस बारे में पूछे जाने पर सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने चौथी रिपोर्ट के निगेटिव होने की पुष्टि करते हुए बताया कि उसकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। डाक्टरों की टीम निगरानी कर रही है।