जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग पर मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पूरा उत्तम गांव स्थित बसुई नदी पुल के निकट बुधवार की रात करीब 12 बजे विंध्याचल जा रहे दर्शनार्थियों से भरी जीप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिससे जीप में सवार तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए ।
पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जीप में सवार दर्शनार्थी मऊ के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के अलग-अलग परिवार के हैं। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग गया।
मऊ के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के जैगवां और आसपास के गांव के 16 लोग जीप में विंध्याचल दर्शन करने जा रहे थे। रात में करीब 12 बजे जीप जमालापुर बसुई नदी पुल के ठीक पहले पूरा उत्तम गांव के पास पहुंची थी कि सामने से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक से टक्कर हो गई।
इसके बाद दोनों वाहन सड़क के किनारे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरे। ट्रक के पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल को दी। जिस पर प्रभारी कोतवाल मड़ियाहूं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
इस हादसे में जीप चालक बदामा यादव (55) पुत्र सरजू आदित्य यादव, राधिका गुप्ता(45) पत्नी रामअवतार, लाली देवी (54) पत्नी गौरी निवासी जैगवां थाना मोहम्मदाबाद मऊ तथा कमला देवी(52) पत्नी प्रसाद पांडेय निवासी कनैला मोहम्मदाबाद मऊ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जबकि अर्चना (23), रीतू यादव (22), रामधनी प्रजापति (25), सुरेश गुप्ता (37), अंश (03), सरस्वती देवी (20), बाबू (25), पूजा (18), अर्चना मौर्या (18), रितेश यादव (5), रिंकू गुप्ता (25), सुरेश (35) सभी निवासी जैगवां थाना मोहमदाबाद मऊ घायल हो गए। पु
लिस ने घायलों को एंबुलेंस और टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और गुरुवार की सुबह दस बजे घायलों को लेकर मऊ चले गए।
उधर, चारों शवों का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। इस बारे में सीओ राम भुवन यादव का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।