Varanasi News: वाराणसी में गंगा घाटों पर गंदगी और मृत जानवरों के मिलने का सिलसिला नहीं थम रहा है। ऐसे में बदबू के चलते घाटों पर चलना मुश्किल हो गया है।
मणिकर्णिका से राजघाट के बीच गंदगी और मृत जानवरों के मिलने का सिलसिला नहीं थम रहा है। सोमवार को बूंदी परकोटा और गोला घाट पर चार जानवरों के अवशेष पड़े थे। गंदगी और बदबू के कारण घाट किनारे खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। लोगों ने बताया कि 48 घंटे का समय हो चुका है, लेकिन किसी ने इसे हटाने की जहमत नहीं उठाई। सड़न और बदबू के कारण घाट के किनारे से गुजरना भी मुहाल हो गया है।
विज्ञापन
शिवम अग्रहरि ने बताया कि गोला घाट पर समस्या डेढ़ महीने से बनी हुई है। हर दूसरे और तीसरे दिन किसी न किसी जानवर का शव उतराया मिलता है। सूचना देने के बाद भी जानवरों के शवों का निस्तारण नहीं होता है। यही हाल गोला घाट का भी था और वहां भी गंगा में एक जानवर का शव उतराया था।
मल्लाहों ने बताया कि कुत्तों की संख्या अधिक है। नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की जाती है, लेकिन समाधान नहीं होता है। देव दीपावली के बाद तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है।