समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद रविकांत विश्वकर्मा
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद रविकांत विश्वकर्मा ने सरकार के खिलाफ विरोध जताया। जीवित रहते हुए अपने चित्र पर मालाफूल चढ़ाकर अनोखे तरीके से विरोध प्रकट किया। उन्होंने एक वीडियो जारी किया है। इसमें वह लोगों को संदेश दे रहे हैं। अगर ऐसा ही रहा, तो हम सब एक फोटो फ्रेम में नजर आएंगे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाए हैं। जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर और वेंटिलेटर की संख्या में इजाफा करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सरकार की योजनाएं और कोविड-19 से लड़ने की तैयारी केवल कागजों में ही दिख रही है। यही वजह है कि लोगों में सरकार के प्रति आक्रोश है। मैं किसी को आहत नहीं करना चाहता हूं। मैं बस सरकार और अपने प्रशासन को जगाना चाहता हूं कि अगर इसी तरह ऑक्सीजन और बेड नहीं मिलेगा, तो लोगों की मौतें होंगी। अब भी समय है, सब जग जाएं। लोग बहुत डरे हुए हैं। उनको कोई भी बीमारी हो रही है, तो वह खुद को मरा महसूस कर रहे हैं। स्वास्थ्य कि इस तरह का हाल देखकर लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। अपने जनप्रतिनिधि को याद कर रहे हैं।