वाराणसी-जौनपुर हाइवे पर रविवार की सुबह चालक को पकड़ने के लिए चलते ट्रक पर चढ़ने की कोशिश में गिरकर पेट्रोल पंप के मैनेजर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक, ट्रक सहित फरार हो गया। मृतक जौनपुर के पूर्व सांसद केपी सिंह का साला बताया जा रहा है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस शव को थाने लेकर आ गई और मामले की छानबीन में जुट गई है।
जौनपुर जिले के जलालपुर के शंकरगंज गांव में पूर्व सांसद केपी सिंह का पेट्रोल पंप है। उनका साला नीरज सिंह(35) निवासी मढ़ी थाना चंदवक बतौर मैनेजर यहां रहता था। रविवार की सुबह बकाया पैसा मांगने के लिए वह कैशियर सुजीत को लेकर जलालपुर से गुजर रहे ट्रक का पीछा करने लगे।
बिबनमऊ गांव स्थित पुल के पास उन्होंने ट्रक को रोका और चालक से बात करने लगे। बात खत्म होने से पहले ही चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया। उसे पकड़ने के लिए वह केबिन पर चढ़ने लगे और पैर फिसलने से वह ट्रक से नीचे गिर गए।