इस मामले में डीसीपी काशी ने एसीपी भेलूपुर को जांच सौंप दी है। पूर्व आईपीएस ने पुलिस आयुक्त सहित अन्य अफसरों को ट्वीट कर शिकायत की थी। इंस्पेक्टर का कारखास बताने वाला सिपाही बिना नंबर की अपाचे बाइक से घूमता है और इंस्पेक्टर के नाम पर लोगों से वसूली करता है।
वाराणसी में पुलिस की खामियों को समय-समय पर उजागर करने वाले पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने वाराणसी कमिश्नरेट के भेलूपुर थाना के एक सिपाही को इंस्पेक्टर का कारखास होने की शिकायत की है। इस दौरान एक वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर भेजा है। मामले की जांच डीसीपी काशी अमित कुमार ने एसीपी भेलूपुर चक्रपाणि त्रिपाठी को सौंपी है।
विज्ञापन
पुलिस आयुक्त सहित अन्य अफसरों को ट्वीट करके पूर्व आईपीएस ने यह शिकायत की है कि इंस्पेक्टर का कारखास बताने वाला सिपाही बिना नंबर की अपाचे बाइक से घूमता है और इंस्पेक्टर के नाम पर लोगों से वसूली करता है। यह भी बताया गया कि इलाके के तमाम लोग इनसे परेशान हैं।
इन पर कतिपय सफेदपोश नेताओं का हाथ होने की वजह से कोई कार्रवाई नहीं होती। इस सिपाही के खिलाफ मंगलवार रात खोजवां के रहने वाले कामरान ने भेलूपुर इंस्पेक्टर के सीयूजी नंबर पर तहरीर भेज शिकायत की है। यही नहीं, गुमनाम ट्वीट भी किया गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व आईपीएस अमिताभ और सोशल एक्टिविस्ट डॉ नूतन ठाकुर ने पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश से इस मामले की किसी उच्चाधिकारी से निष्पक्ष जांच करवा कर कार्रवाई की मांग की है।