ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को लेकर तनातनी बढ़ी
- फोटो : demo pic
तुम ब्लाक प्रमुख बड़रांव के साथ बहुत घूम रहे हो, उनके साथ घूमना बंद कर दो अन्यथा इतनी गोली मारूंगा कि गिन नहीं पाओगे...। यह सुनकर एक बारगी तो फोन सुनने वाली की घिघ्घी बंध गई लेकिन धमकी देने वाले पूर्व ब्लाक प्रमुख विद्युत प्रकाश की बात सुनकर पीड़ित बीडीसी ने नामजद मुकदमा दर्ज कराकर जान माल के सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बीडीसी प्रवीण यादव ने गुरुवार को कोतवाली में जान मारने की धमकी देने को लेकर बड़राव के पूर्व प्रमुख व बेलभद्रपुर गांव निवासी विद्युत यादव के विरुद्ध मुक़दमा दर्ज कराया है। घटना 28 सितम्बर 2017 की है।
धमकी और मुकदमा दर्ज के मामले को बड़रांव ब्लाक में प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की सरगर्मी के रूप में देखा जा रहा है। दर्ज मुकदमे के अनुसार प्रवीण के मोबाइल पर 28 सितंबर की रात 09 बजे के लगभग फोन आया कि मैं पूर्व ब्लाक प्रमुख विद्युत यादव बोल रहा हूं।
तुम ब्लाक प्रमुख प्रमुख गीता के साथ बहुत संपर्क कर रहे हो। जान से मार दूंगा। तुम को इतना गोली मारूंगा की गिन नहीं पाओगे। तुम्हारे परिवार को जान से मार दूंगा। प्रार्थी ने धमकी को रिकार्ड कर लिया था, जो सीडी में है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अरशद जमाल सिद्दीकी का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल चल रही है।