Varanasi News: महाराजा एक्सप्रेस से विदेशी मेहमानों के काशी पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक तरीके से उनके माथे पर तिलक लगाया गया। माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। विदेशी मेहमानों को भी स्वागत का यह भारतीय तरीका काफी पसंद आया।
नई दिल्ली से विभिन्न स्थानों का भ्रमण कराते हुए शुक्रवार की दोपहर 12:05 बजे महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन बनारस स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर आठ पर पहुंची। यहां पहुंचने पर यात्रियों का स्वागत पर्यटन विभाग से जुड़े लोगों ने किया।
विज्ञापन
बताते चलें कि महाराजा एक्सप्रेस देश की लग्जरी ट्रेनों में शामिल है। इसका एक दिन का किराया लगभग डेढ़ लाख रुपये है। यात्रियों की सुविधा हेतु इस ट्रेन में मसाज से लेकर रेस्टोरेंट तक की सुविधा उपलब्ध रहती है। सभी सुइट में अटैच बाथरूम भी है।
महाराजा ट्रेन दिल्ली से 29 अक्टूबर को चल कर जयपुर, रतनबोर, फतेहपुर, आगरा, ओरछा तथा खजुराहो होते हुए 4 अक्टूबर को बनारस स्टेशन पर पहुंची।
विज्ञापन
ट्रेन में बैठे विदेशी मेहमानों की अगवानी हेतु बनारस स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8 पर रेडकारपेट बिछाकर और माथे पर तिलक व गले मे फूलों की माला डाल कर उनका स्वागत आईआरसीटीसी के अभिषेक सिंह, अनिल सिंह, मुकेश सांगवान व संजीव गुप्ता ने किया।
वाराणसी में इस तरह अपना स्वागत होता देख विदेशी मेहमान खुशी से अभिभूत हो गए। स्टेशन की सुंदरता को निहारते हुए बाहर खड़ी बस में बैठ कर होटल की तरफ प्रस्थान कर गए। टूरिस्ट विभाग के लोगों ने बताया कि होटल में लंच के बाद उन्हें वाराणसी के प्रमुख स्थलों सारनाथ सहित घाटों का अवलोकन करने के बाद गंगा आरती दिखा कर रात्रि 10 बजे महाराजा एक्सप्रेस बनारस स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी।