वाहन चलाते समय बरतें सावधानी
कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। हेडलाइट की लो-बीम का प्रयोग करें और फॉग लाइट जलाकर रखें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। अचानक ब्रेक लगाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचें। सड़क पर लेन बदलते समय इंडिकेटर का इस्तेमाल करें। अनावश्यक ओवरटेक करने से बचें। यदि दृश्यता बहुत कम हो तो वाहन को सड़क से हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर रोक देना बेहतर है।
तापमान में उतार-चढ़ाव से बदलेगा मौसम
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ेंगी। पिछले 72 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंचने और नमी घटने के कारण सुबह के कोहरे के घनत्व में प्रभावी गिरावट आएगी। इससे घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से 20 नवंबर से हवा की दिशा में बदलाव हो सकता है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में फिर से चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।