झाड़ियों में छिपाकर रखा था सामान
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सुनील कुमार और अभिषेक सिंह के साथ मिलकर आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर रोशनपुर जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। इसमें भरथीपुर स्थित टीवीएस एजेंसी से चोरी की गई मोटरसाइकिलें और मोबिल ऑयल के अलावा देवगांव, केराकत और अन्य स्थानों से चोरी किया गया सामान शामिल है।
पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। इसमें डस्टर कार, चार मोटरसाइकिल, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, 15 टायर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, इन्वर्टर, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
मुठभेड़ में सरगना के पैर में लगी गोली
पूछताछ में गिरोह के सरगना सुनील कुमार की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, सुनील चोरी की अपाची मोटरसाइकिल लेकर सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। बृहस्पतिवार की भोर करीब चार बजे तरवां थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ फद्दूपुर तिराहे से आगे दर्रोपुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान सैदपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा। बाइक फिसलने से वह गिर पड़ा। पुलिस के अनुसार, इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए पीएचसी तरवां भेजा।
सरगना पर 50 मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सुनील कुमार जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के लबेरुवा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 अभियोग दर्ज हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभिषेक सिंह जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव का निवासी है। वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।