केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए 28 अगस्त को रात नौ बजे कैंट रेलवे स्टेशन से साप्ताहिक ट्रेन पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस से राहत सामग्री भेजी जाएगी। यह जानकारी सोमवार को कैंट रेलवे स्टेशन के स्टेशन निदेशक आनंद मोहन ने दी।
बीएचयू के छात्र और शहर के संभ्रांत लोगों ने सोमवार को कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक से मुलाकात की और राहत सामग्री केरल भेजने के लिए व्यवस्था कराने की बात कही। स्टेशन निदेशक ने बताया कि पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन में एक पार्सल कोच आरक्षित किया गया है। जो कोई भी राहत सामग्री भेजना चाहें वो पार्सल विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए छात्र
केरल में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र आगे आए हैं। समाज कार्य विभाग के छात्रों का दल एम. एस.डब्ल्यू. द्वितीय वर्ष की छात्रा निधि राय के नेतृत्व में सिगरा से लेकर अस्सी घाट तक अभियान चलाकर लोगों से अपील कर रहा है।
इस दौरान मृत्युंजय, आस्था व सचिन आदि ने लोगों को केरल के बाढ़ पीड़ितो की आर्थिक मदद के प्रेरित किया। इस अभियान की अनोखी विशेषता यह है कि इसमे लोगों से सहयोग राशि एकत्रित न करके उनके पेटीएम एकाउन्ट के माध्यम से सीधे केरल के मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में भेजी जा रही है ।