रामेश्वर मठ में आधा फीट घुसा बाढ़ का पानी
गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद नगवा नाला में पानी बढ़ने के बाद पानी रामेश्वर मठ में प्रवेश कर गया। बृहस्पतिवार भोर में मठ के भीतर पानी घुस गया। करीब आधा फीट पानी मठ के निचले तल में लग गया है। मठ में रहकर पढ़ने वाले छात्रों को रामेश्वर मठ से दूसरे जगह शिफ्ट कर दिया गया।
आधा फीट पानी और बढ़ा तो नगवा हरिजन बस्ती सोनकर बस्ती में और नाले के किनारे बने घरों में पानी घुस जाएगा। वहीं, सीर गोवर्धनपुर वार्ड में मारुति नगर कॉलोनी में पानी का दबाव बढ़ने से गुलाब लाॅज के पास नाला भर गया। नाला भरने के बाद 24 के करीब मकान के अगल-बगल एक से दो फीट पानी भर गया है। काॅलोनी में पानी भरने के बाद बिजली सप्लाई बंद होने से लोग परेशान हैं।
पिपरी गांव के राजभर बस्ती से पलायन शुरू
चौबेपुर में द नदी व गोमती नदी के बीच बसा पिपरी गांव चारों तरफ बाढ़ के पानी से घिर गया है। मठिया गांव से पिपरी, धौरहरा से बेला मार्ग पर पानी भर जाने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। बृहस्पतिवार को दो नावों से राजभर बस्ती के लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है। यहां के लोग हरिहरपुर गांव पहुंच रहे हैं। वहीं, चिरईगांव के रामपुर की दलित बस्ती में छह परिवारों ने रामपुर प्राथमिक विद्यालय में राहत शिविर में शरण ली।