वाराणसी। नोएडा एयरपोर्ट का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस एयरपोर्ट से वाराणसी के लोगों को भी फायदा मिलेगा। आगामी कुछ दिनों में विभिन्न विमानन कंपनियों द्वारा वाराणसी से उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी। हालांकि, फिलहाल शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बीच अप्रैल से उड़ानें शुरू होने की संभावना है।
वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, संभावित तौर पर वाराणसी से इंडिगो एयरलाइंस की 5, अकासा की 10, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3 और एयर इंडिया की 3 उड़ानें शुरू की जा सकती हैं। विमानन कंपनियों ने इस योजना की विस्तृत जानकारी डीजीसीए को सौंपी है। डीजीसीए की मंजूरी और निर्णय के बाद ही उड़ानों का शेड्यूल तय होगा। अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी से सबसे अधिक यात्री दिल्ली जाते हैं। दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट्स की सुविधा होने के कारण लोग इसे प्राथमिकता देते हैं। उड़ानों की संख्या और शेड्यूल तय होते ही सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रोजाना 12 उड़ानें संचालित होती हैं। इसमें इंडिगो एयरलाइंस की सबसे अधिक 4 उड़ानें शामिल हैं।