संवाद न्यूज एजेंसी
बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को वीवीआईपी मूवमेंट और एयरशो के चलते 24 उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। रविवार सुबह प्रधानमंत्री के आगमन और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को देख इंडिगो के दो विमानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।
नोटम के कारण सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नियमित उड़ानें प्रभावित रहीं। रविवार को 24 उड़ानें प्रभावित हुईं। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की दो विमानों में 448 यात्री सवार थे। वहीं, स्पाइस जेट की पुणे-वाराणसी-पुणे एसजी 525 को रद्द कर दिया गया। इंडिगो की 6ई6805 अहमदाबाद-वाराणसी-अहमदाबाद 2 घंटे 51 मिनट, 6ई5095 नवी मुंबई-वाराणसी-नवी मुंबई 1 घंटे 55 मिनट, 6ई 196 बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 43 मिनट, 6ई 6501 कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता 1 घंटे 43 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की आईएक्स 1129 मुंबई-वाराणसी- मुंबई 2 घंटे 20 मिनट, एयर इंडिया की एआई 2568 खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो 29 मिनट, अकासा एयर की एकेजे 1423 बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 1 घंटे 11 मिनट और इंडिगो की 6 ई 2423 दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 1 घंटे 30 मिनट की देरी से आईं और गईं।
एयरपोर्ट पर यात्रियों और परिजनों को करना पड़ा इंतजार : विमानों के डायवर्ट होने और निर्धारित समय में बदलाव का असर एयरपोर्ट की यात्री व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। जिन यात्रियों को निर्धारित समय पर वाराणसी पहुंचना था, उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन भी विमानों के आगमन को लेकर असमंजस में रहे। दूसरी ओर शारजाह जाने वाले यात्रियों को भी करीब पांच घंटे तक उड़ान का इंतजार करना पड़ा।