Varanasi News: वाराणसी में घने कोहरे का कहर जारी है। बृहस्पतिवार को दोपहर तक कोहरा छाया रहा। यही वजह है कि घने कोहरे में पांच ट्रकों की आपस में टक्कर हुई, जिसमें चालक व परिचालक घायल हो गए। इसके अलावा दुर्घटना के बाद रिंग रोड पर घंटों भीषण जाम की स्थिति रही।
वाराणसी में रिंग रोड लोहता के खेवशीपुर क्षेत्र में घने कोहरे के कारण बृहस्पतिवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम होने पर एक के बाद एक पांच ट्रक आपस में टकरा गए। हादसे में तीन ट्रक चालक और परिचालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
विज्ञापन
दुर्घटना के बाद रिंग रोड पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई, जिससे राजातालाब क्षेत्र में जाम की स्थिति बन गई। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिससे यातायात बहाल हो सका। उधर, प्रशासन ने घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।