वाराणसी की ज्योति, निधि, दिव्या, गौरी और अनिता का हुआ चयन
- फोटो : अमर उजाला
सीनियर नेशनल और अंडर-21 कराटे चैंपियनशिप के लिए वाराणसी की पांच खिलाड़ियों का चयन किया गया है। कोलकाता में 13 से 14 जनवरी तक आयोजित प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम में ज्योति, निधि, दिव्या, गौरी और अनिता अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर चुनी गई हैं। पांचों करातेकाओ ने लखनऊ में एक से तीन दिसंबर तक आयोजित स्टेट चैंपियनशिप में टीम काता, काता और कुमिते में बेहतरीन फन और पैंतरे का प्रदर्शन किया था।
टीम काता में ज्योति, निधि और दिव्या ने बेहतरीन टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए स्टेट चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया था। तीनों सहेलियां 2012 से लगातार टीम काता के अलावा काता और कुमिते की स्पर्धाओं में अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए यूपी की टीम में चयनित ज्योति, निधि, गौरी, दिव्या और अनिता का कहना है कि कराटे ने आत्मविश्वास का जो भाव हमारे अंदर भरा है, उसने हमें उड़ने की आजादी दी है। कहती हैं कि लड़कियों को अपने हक के लिए लड़ना चाहिए। आवाज भी उठानी चाहिए।
कराटे ने आत्मरक्षा के साथ ही किसी भी परिस्थिति को हैंडल करने का तरीका सिखा दिया है। सहेलियां भी अब हमारे साथ बाहर कहीं भी जाने में सुरक्षित महसूस करती हैं। पांचों करातेकाओ वाराणसी की हैं। 10 साल से इसी में कदम-दर-कदम आगे बढ़ा रही हैं। बताया, पहले हम लोगों ने इसे शौक में सीखना शुरू किया था।
धीरे-धीरे घरवालों को इसका महत्व समझ में आ गया और घरवाले मदद करने लगे। कराटे ने हमारे अंदर का डर निकाल दिया है। सहेलियां भी टाम ब्वॉय कहकर बुलाती हैं। पांचों का कहना है कि बेटियों के बारे में समाज की मानसिकता अभी भी नहीं बदली है। शहर और गांव में स्थितियां एक जैसी हैं।
कहीं अभिभावक सहयोग नहीं करते हैं तो कहीं लड़कियां भी कुछ नहीं करना चाहती हैं। लड़कियां जब तक अपने हक की आवाज नहीं उठाएंगी, बदलाव नहीं आएगा।