बलिया में गड़वार थानाक्षेत्र के खरहाटार में रविवार को ग्यारह हजार वोल्ट लाइन का तार ट्रांसफार्मर पर गिरने से लोगों के घरों मे करेंट प्रवाहित हो गया। इस दौरान करेंट लगने से पांच लोग घायल हो गए। वहीं दूसरी ओर कई घरों में बिजली के उपकरण जल गए।
बताया जाता है कि खरहाटार अस्पताल के पास एक ट्रांसफार्मर के ऊपर से ग्यारह हजार वोल्ट लाइन का तार गया है। कई दिनों से उस तार पर बांस लटका हुआ था। इस पर लोगों ने ध्यान नही दिया। रविवार को अचानक तार टूट कर ट्रांसफार्मर पर गिर गया। जिससे लोगों के घरो मे करेंट प्रवाहित हो गया।
करेंट की चपेट मे आने से केशव वर्मा, शिवकुमारी, उर्मिला, कंचन व धर्मेंद्र घायल हो गए। जबकि दर्जनों लोगों के घरों मे बिजली के उपकरण जल गए। वहीं एक भैस भी करेंट की चपेट मे आकर घायल हो गई। घायल लोगों का इलाज सुखपुरा स्थित एक निजी डॉक्टर के यहां कराया गया।