सरायनंदन खोजवा की रहने वाली मुन्नी देवी की बेटी चंपा देवी की शनिवार रात इलाज के दौरान मंडलीय अस्पताल में मौत हो गई। पीड़ित मुन्नी देवी ने पति समेत अन्य परिवार के सदस्यों के खिलाफ भेलूपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया।
मुन्नी देवी का आरोप है कि चंपा को दो बेटी पैदा होने के बाद से पति व ससुर सहित अन्य परिजन मिलकर प्रताड़ित करते थे। चार माह पूर्व चंपा गर्भवती थी, सभी की प्रताड़ना और दवा से गर्भपात हो गया। बेटी प्रताड़ना करने की जानकारी होने पर भाई अरुण विदाई कराकर बीते 29 तारीख को घर लाया था। बीमारी और कमजोरी से चंपा की हालत खराब थी। कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान बेटी चंपा की मौत हो गई। भेलूपुर इंस्पेक्टर रमाकांत दुबे के अनुसार मां की तहरीर पर सुदामापुर निवासी दामाद बबलू, सास, ससुर, देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया।