सोनभद्र के बैरपान गांव के मुर्चा नाला के पास मंगलवार रात बेकाबू बल्कर एक निजी बस और तीन अन्य वाहनों से टकरा गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। बस में सवार दो महिलाएं और बल्कर चालक घायल हो गया। घायलों को परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बल्कर अनपरा की ओर से राख लेकर जा रहा था। बैरपान गांव में पेट्रोल पंप के पास रेणुकूट की ओर से आ रही एक निजी बस में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद बल्कर सड़क पर खड़े दो अन्य ट्रकों से टकराने के बाद कोयला लदे ट्रेलर से टकरा गया।
हादसे में बस में सवार मनोज पांडेय (42) पुत्र स्व. सरजू पांडेय मूल निवासी नगर उटारी गढ़वा, हाल पता वैंकट मोड़ अनपरा, ट्रक का टायर लगा रहे राकेश कुमार सिंह (50) पुत्र रमेश सिंह निवासी ममीलापुर नयपुरवा थाना चुनार मिर्जापुर और ट्रेलर के खलासी संजय कलवार (18) पुत्र शिव पूजन कलवार निवासी बबुरी थाना राबर्ट्सगंज की मौके पर ही मौत हो गयी।
बल्कर में सवार पुष्पेंद्र सिंह (41) पुत्र लालमन सिंह निवासी कुसियारा थाना धारकुंडी जिला सतना मध्य प्रदेश ने भी केबिन में ही दम तोड़ दिया। संविदाकार चिल्काटांड़ शक्तिनगर निवासी राम आशीष कहार (55) पुत्र देवनंदन प्रसाद ने संजीवनी चिकित्सालय शक्तिनगर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।