नशे में धुत बारहवीं के छात्र ने बुधवार की रात रथयात्रा-गुरुबाग मार्ग पर कार से पांच लोगों को कुचल दिया। घटना में छोटी गैबी निवासी करिश्मा और फास्ट फूड कॉर्नर चलाने वाले वापी को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार दोनों किशोरों को पकड़ लिया और पिटाई के बाद दोनों को सिगरा पुलिस के हवाले कर दिया।
रथयात्रा पुलिस पिकेट से बमुश्किल सौ मीटर दूर गुरुबाग वाली सड़क पर छोटी गैबी निवासी गोविंद सिंह की पुत्रियां करिश्मा और करीना चाऊमीन खा रही थीं। इसी दौरान गुरुबाग की ओर से एक तेज रफ्तार वैगन आर कार आई और ठेले के आसपास खड़े करिश्मा, करीना सहित पांच लोगोें को कुचलते हुए निकल गईं।
यह देख मौके पर मौजूद रहे लोगों ने दौड़कर कार को किसी तरह से रुकवाया। उसमें सवार दो किशोरों को बाहर निकालकर जमकर पीटा। नाराज लोगों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पाकर पिकेट के सिपाही मौके पर आए। कार सवार दोनों किशोरों मेें एक अनपरा का रहने वाला और दूसरा सिगरा के कमला नगर का रहने वाला है।
अनपरा निवासी किशोर भी सिगरा के ही एक निजी हास्टल में रहता है और वह 12वीं का छात्र है। हादसे में घायल हुई करिश्मा और फूड कॉर्नर संचालक वापी को पुलिस ने मलदहिया स्थित एक नर्सिगिंहोम में भर्ती कराया। वहीं, करीना, साइकल सवार युवक और एक महिला को हल्की चोट आई है। सिगरा थानाध्यक्ष विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि कार के साथ दोनों किशोर पकड़ लिए गए हैं। कार चला रहा एक किशोर नशे में धुत था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।