फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव के प्रथम चरण में आजमगढ़, गाजीपुर, सोनभद्र में 59.42 फीसदी वोट

Wed, 22 Nov 2017 08:40 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
मतदान के बाद प्रसन्न मुद्रा में महिलाएं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी निकाय चुनाव के प्रथम चरण में बुधवार को आजमगढ़, गाजीपुर और सोनभद्र में झड़प, पथराव और छिटपुट घटनाओं के बीच कुल 59.42 प्रतिशत मतदान हुआ। कई जगह फर्जी मतदाता पकड़े गए। भीड़ तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ी। कुछ जगह मतदाताओं की लाइन लगने के कारण समय समाप्ति के बाद भी मतदान हुआ। इसके साथ ही तीनों जिलों के 2416 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटिका में कैद हो गए। 
विज्ञापन

 आजमगढ़ में दो नगर पालिका और 11 नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सभासद पद के कुल 955 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाताओं ने कर दिया। यहां कुल 59.74 फीसदी मतदान हुआ।

मुबारकपुर के दो केंद्रों कटरा और नेवादा में मतदाताओं की कतार के कारण समय समाप्ति के बाद तक मतदान हुआ। सरायमीर, माहुल, आजमगढ़ नगरपालिका, जीयनपुर में फर्जी मतदान को लेकर झड़प हुई। मुबारकपुर और जीयनपुर में दो फर्जी मतदाता पकड़े गए।
विज्ञापन


  गाजीपुर में तीन नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सभासद पद के 747 उम्मीदवारों की तकदीर मतपेटिका में बंद हो गई।
 यहां 60.81 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। प्राथमिक विद्यालय गोराबाजार के मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद पत्थरबाजी हुई। लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

यहां बसपा के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सफरुनिशा के पति शरीफ राईनी और उनके दो साथियों को हिरासत में ले लिया गया। झींगुर पट्टी में सभासद पद के प्रत्याशी सहित दो को हिरासत में लिया गया। कई जगह भीड़ हटाने के लिए पुलिस को लाठियां पटकनी पड़ी।

 सोनभद्र में एक नगर पालिका और सात नगर पंचायतों के लिए 57.71 प्रतिशत वोटिंग हुई। एक दो जगह छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांति से संपन्न हो गया। राबर्ट्सगंज नगर पालिका के संस्कृत महाविद्यालय बूथ पर कई लोगों ने नाम मतदाता सूची में नहीं होने की शिकायत एसडीएम से की। नगर पंचायत ओबरा में मतदान में फर्जी वोटिंग को लेकर सीओ से नेताओं की कहासुनी हुई। जनपद में अध्यक्ष और सभासद पद के लिए कुल 714 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया। 
 

कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं 

बीमार बुर्जुग म‌ह‌िला को वोट डालवाने के ‌ल‌िए ले जाते प‌र‌िजन - फोटो : अमर उजाला

आजमगढ़ नगर निकाय चुनाव में मतदान को लेकर बुधवार की सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ मतदान का कार्य शाम पांच बजे तक शांति पूर्वक चलता रहा। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। शाम पांच बजे मतदान की समाप्ति के बाद पोलिंग पार्टियां तहसीलों और जिला मुख्यालयों पर बने स्ट्रांग रूमों की ओर रवाना हो गई। 

सुबह साढ़े सात बजे से सभी बूथों पर मतदान का कार्य एक साथ शुरू हुआ। नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह से बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जो दिन आगे बढ़ने के साथ ही इसमें तेजी आती गई। शाम पांच बजे मतदान की समाप्ति के बाद आजमगढ़ नगरपालिका को छोड़कर सभी स्थानों पर मतदान का प्रतिशत 50 प्रतिशत से अधिक रहा।

मतदान की हर गतिविधि पर नगर रखने के लिए जिला प्रशासन पूूरी तरह से चौकन्ना था। जहां से भी गड़बड़ी की सूचना मिलती थी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच रहे थे। हालांकि मतदान के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक बूथों तक पहुंच रहे थे। जिसे देखते हुए पुलिस ने कई बार लोगों को वहां से हटाया।

नगर कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह बदरका मुहल्ले में माइक से लोगों को बूथ के पास से हटने और सड़क को खाली करने की चेतावनी देते नजर आए। लेकिन पुलिस की गाड़ियों के वहां से हटते ही लोग फिर बूथ के पास डेरा जमा लेते थे।

शाम पांच बजे मतदान की समाप्ति के बाद सभी पोलिंग पार्टियां तहसील मुख्यालय पर बने स्ट्रांग रूमों की ओर रवाना हो गई। जहां मतपेटियों को जमा करने के लिए पहले से ही जिला प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की तैनाती की गई है। 
विज्ञापन

फर्जी मतदान करने वाले को पिस्टल लेकर दौड़ाया 

डेमो - फोटो : डेमो
नगर पंचायत सरायमीर के पूनापोखर वार्ड के जलकल बूथ पर बुधवार की शाम पौने पांच बजे फर्जी मतदान करने गए एक युवक को दूसरे पक्ष के लोगों ने पहचान लिया। शोर शराबा होने पर आरोपी भागने लगा। इतने में एक युवक ने पिस्टल लेकर उसे दौड़ा लिया। घटना की सूचना मिलने पर एसओ सरायमीर पहुंचे और मामला शांत कराया। 

पूनापोखर वार्ड के जलकल बूथ पर मौजूद लोगों की मानें तो युवक नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार के पक्ष में फर्जी वोट डालने जा रहा था। उक्त युवक को देखते ही दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने उसे पहचान लिया और अधिकारी को सूचना दी।

उधर जैसे ही युवक को अपनी पोल खुलते दिखी कि वह बूथ से भागने लगा। पुलिस की मौजूदगी में युवक को भागते देख दूसरे प्रत्याशी का समर्थक अपनी पिस्टल हाथ में लेकर उसे दौड़ा लिया। इस घटना के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलने पर एसओ सरायमीर रामनरेश यादव भारी भरकम फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और मामला शांत कराया। एसओ ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही तहरीर अभी तक मिली है। पुलिस अपने स्तर से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें