बनारस के लंका थाना अंतर्गत कर्माजीतपुर में छेड़खानी का विरोध करने पर मंगलवार की रात हिमांशु मिश्रा की पिटाई के बाद हमलावरों ने फायरिंग कर दी। संयोग से गोली बाइक के स्टैंड में जा लगी और हिमांशु बाल-बाल बच गया।
लंका पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। हिमांशु की तहरीर पर कर्माजीतपुर निवासी कई मामलों में वांछित आशीष यादव और राजू सहित दस अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कर्माजीतपुर क्षेत्र स्थित महामना नगर निवासी हिमांशु मिश्रा मंगलवार की रात 10 बजे सुंदरपुर से अपने घर बाइक से लौट रहा था। हिमांशु के अनुसार कुछ मनबढ़ किस्म के लोग कुछ युवतियों के साथ छेड़खानी कर रहे थे। उसने इसका विरोध किया तो शराब के नशे में धुत मनबढ़ों ने उसे पीटा।
जब वह बाइक स्टार्ट कर वो भागा तो आशीष यादव ने फायरिंग कर दी। किसी तरह से जान बचा कर वो घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि पुराने विवाद की रंजिश में मारपीट हुई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।