बिहार के कैमूर जिले के मुबारकपुर का मामला
- फोटो : demo
बिहार के कैमूर जिले के मुबारकपुर गांव में प्रेम विवाह से नाराज लड़की के पिता ने शुक्रवार की देर रात लड़के के परिवार वालों पर गोलियां बरसा दी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मोहनियां पुलिस के अनुसार युवक और युवती अलग-अलग जाति के हैं।
पीड़ित परिवार के संबंधी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। मोहनियां थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी कमला चौधरी का पुत्र वहीं की एक लड़की से प्रेम करता था। करीब तीन माह पूर्व वह लड़की को लेकर कहीं चला गया और कोर्ट में शादी कर ली।
जानकारी होने पर लड़की के पिता ने शुक्रवार की देर रात कमला चौधरी के घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इसमें कमला चौधरी (50) और पत्नी शांति देवी (45) की मौत हो गई। उनकी दो पुत्रियां किरण (20) और सुष्मिता (15) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची मोहनियां पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सदर चिकित्सालय भभुआ में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।