फायरिंग के बाद सपा नेता के घर में बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
गंगा घाटों की ओर पैदल भागे आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर मोटरबोट से आए थे। हमले के बाद सभी गंगा घाटों की ओर से पैदल भागे हैं। भागने के दौरान गोविंद यादव पिस्टल, कारतूस और एक मैगजीन के साथ पकड़ा गया। स्थानीय लोगों ने उसे पीटकर दशाश्वमेध थाने की पुलिस को सौंप दिया। गोविंद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोविंद के भाई कल्लू यादव को दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया है।
संवेदनशील क्षेत्र में फायरिंग से पुलिस पर सवाल
मीर घाट स्थित घटनास्थल श्री काशी विश्वनाथ धाम से चंद कदम की दूरी पर है। पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवानों के तैनात रहने के साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के कर्मी भी भ्रमण करते रहते हैं।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से अति संवेदनशील क्षेत्र में दुस्साहसिक तरीके से की गई फायरिंग और हमले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, फायरिंग और हमले के बाद बदमाशों की भगदड़ से विश्वनाथ धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं में भी भय का माहौल व्याप्त हो गया था।
सोशल मीडिया में वायरल हुआ पुराना सीसीटीवी फुटेज
विजय यादव के घर पर फायरिंग और हमले की घटना के बाद सोशल मीडिया में तीन-चार दिन पुराना सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई। कॉल रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से यह सामने आया कि विजय यादव के एक बेटे ने अपने साथियों के साथ सूजाबाद पड़ाव निवासी साहिल के घर जाकर अभद्रता की थी।
इसके बाद साहिल ने पुलिस को तहरीर दी थी। कार्रवाई नहीं हुई तो उसने अपने दोस्तों के साथ विजय के घर में घुसकर हमला किया। उधर, विजय यादव का पुलिस अफसरों से कहना था कि हमला करने वाले मनबढ़ों के संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
मंदिरों में दर्शन पूजन कराता है बेटा
विजय यादव ने बताया कि उसका बेटा दर्शनार्थियों को काशी के मंदिरों में दर्शन-पूजन कराकर अपनी आजीविका चलाता है। उसके साथ गत 26 जून को मारपीट की गई। पुलिस से शिकायत करने पर विश्वनाथ मंदिर परिसर में 28 जून को सुमित के साथ मारपीट की गई। इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर हमलावरों का हौसला बुलंद हुआ और उन्होंने घर में घुसकर हमला किया।
सपा जिलाध्यक्ष ने हालचाल लेकर सुरक्षा की मांग की
विजय यादव के घर में हुए हमले की जानकारी पाकर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। सुजीत ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा। सुजीत ने बताया कि पुलिस आयुक्त को फोन कर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है। इसके साथ ही विजय यादव और उनके परिवार की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा गया है।