भदोही जिले में चौरी बाजार के स्टेशन रोड पर विसर्जन के लिए जा रहे जुलूस में पटाखों के विस्फोट से 12 लोग घायल हो गए। विस्फोट के बाद जुलूस में अफरातफरी मच गई। घायलों को आनन-फानन इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल शुभम विश्वकर्मा व एक अन्य को वाराणसी रेफर कर दिया गया। बताया गया कि बोरी में पटाखा रखा गया था, चिंगारी से बोरी में आग लग गई, इसके बाद उसमें रखा पटाखा एक-एक कर ब्लॉस्ट होने लगा।
क्या है पूरा मामला
मंगलवार को चौरी बाजार में मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी। शुभम विश्वकर्मा (20) पुत्र जयप्रकाश और अन्य लड़के अपनी कमर में पटाखा रखकर रास्ते में बजाते जा रहे थे। इसी दौरान शुभम का झोला अचानक फट गया, जिससे विस्फोट हो गया।
विस्फोट इतना तेज था कि कई लोग घायल हुए। इस दौरान सड़क पर कुछ लोगों की हथेली की तीन उंगलियां उखड़कर पड़ी दिखीं। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शुभम व दो गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं अन्य लोगों का भदोही के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब लड़के पटकउवा बम बजा रहे थे। इस बीच एक युवक के झोले में रखा बम अचानक फट गया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शुभम की हालत गंभीर होने के कारण उसे वाराणसी भेजा गया है।