बनारस के गोदौलिया चौराहे पर स्थित होटल देवा इन में शनिवार की सुबह 6.30 बजे आग लगने से हड़कंप मच गया। होटल में फंसे लोगों की चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड पहुंच गई। ब्रिगेड के जवानों ने होटल से 32 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिर आधे घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। होटल प्रबंधन पर कार्रवाई के लिए प्रशासन को पत्र लिखा गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश राय ने बताया कि आग होटल की सीढि़यों पर लगे बिजली के मीटर में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। पहले और दूसरे फ्लोर पर धुआं भर जाने के कारण लोगों का दम घुटने लगा। इस दौरान कुछ बच्चे अचेत भी हो गए।
आने-जाने के मुख्य रास्ते पर ही आग लगने के कारण लोग बाहर नही निकल पा रहे थे। ऐसे में जैसे ही सूचना मिली फायर ब्रिगेड की टीम सबसे पहले फंसे हुए लोगों को निकालने में लग गई। एक-एक करके बच्चों, महिला और पुरुषों को निकाला गया।
जब यह सुनिश्चित हो गया कि होटल में कोई नहीं फंसा है तो आग को बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई। आधे घंटे में आग को बुझाया गया। इस दौरान चेतगंज के अग्निशमन अधिकारी योगेंद्र चौरसिया, भेलूपुर के अग्निशमन अधिकारी डॉ. बीएन पटेल समेत कई लोग मौजूद रहे।
फंसे हुए लोगों को निकालने में भाषा की समस्या आ रही थी। फायर कर्मी लोगों को समझा रहे थे लेकिन लोग समझ नहीं पा रहे थे। इस कारण निकाले जाने में काफी देर लगी।
राकेश राय ने बताया कि होटल प्रबंधन को नोटिस देकर फायर उपकरण के बारे में जानकारी मांगी गई है। एक हफ्ते के अंदर उन्हें उपकरणों के बारे में जवाब देना है। जवाब आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।