यूपी के मऊ में एक किराने के गोदाम में शनिवार की अलसुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के बाद मुहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन प्रयास के बाद भी पूरा गोदाम जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार आग लगने से गोदाम में रखे गल्ले के साथ साथ कार, बाइक सहित करीब 20 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान जलकर राख हुआ।
शहर कोतवाली क्षेत्र के परदहां मिल रोड निवासी संतोष सिंह परदहां मिल रोड पर पटेल किराना स्टोर नाम से दुकान खोले हैं। दुकान के सामने ही उन्होंने गोदाम बना रखा है। जिसमें संतोष दुकान से संबंधित समानों के साथ गल्ला सहित अन्य जरूरत के सामानों को रखते थे।
दुकान स्वामी संतोष ने बताया कि गोदाम में बिजली कनेक्शन भी नहीं है कि शार्ट सर्किट से आग लगे। संतोष के अनुसार वो शुक्रवार की रात एक बजे तक जग रहा था, तब तक सबकुछ ठीक था। उनके सोने के बाद भोर में चार बजे गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। गोदाम में लगी आग को भोर में टहलने के लिए निकले लोगों ने देखा। साथ ही मुहल्ले के लोगों ने उसे घटना की सूचना दी।
पीड़ित ने आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटने के साथ ही साथ इसकी सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी। सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंचा। अग्निशमन कर्मचारियों ने मुहललेवासियों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया। पूरा सामान कार और बाइक आदि जलकर राख हो चुकी थी।
घटना के बाद पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इसमें पीड़ित ने अज्ञात को आरोपित किया, साथ ही पुलिस को बताया कि जली कार और बाइक के साथ गोदाम में उसका करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान मौजूद था।