बीएचयू अस्पताल के ऑक्सीजन पैनल में शार्ट सर्किट होने से सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में आग लग गई। मंगलवार को दोपहर में जिस समय घटना हुई उस वक्त ऑपरेशन चल रहा था, साथ ही अपनी बारी आने के इंतजार में अन्य मरीज भी मौजूद थे। आनन-फानन में मरीजों को ओटी से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस मामले में अस्पताल प्रशासन ने जांच कमेटी गठित कर दी है। ऑपरेशन थिएटर में दोपहर में पौने दो बजे ओटी में लगे पैनल जहां से बिजली के साथ ही ऑक्सीजन की आपूर्ति होती है। वहीं से चिंगारी निकलती दिखाई दी। धीरे-धीरे आग बढ़ती गई। मौजूद स्वास्थ्य कर्मी वहां रखे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने लगे।
थोड़ी देर में दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई। हालांकि उससे पहले ही आग बुझाई जा चुकी थी। मरीजों को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।