Varanasi News: भिखारीपुर पावर हाउस के वर्कशॉप के स्क्रैप गोदाम में सोमवार की देर रात में आग लग गई। इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद तीन घंटे में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
भिखारीपुर के पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम परिसर में वर्कशॉप में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। ट्रांसफार्मर का तेल होने के कारण आग ने भीषण रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
चितईपुर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर एमडी कार्यालय के सामने कुछ दूरी पर ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग और स्क्रैप गोदाम है। रात दो बजे अचानक वर्कशाप से धुआं उठने लगा। बिजली विभाग के कर्मचारियों की सूचना पर दमकल की 5 गाड़ियां पहुंचीं, जिनकी मदद से आग बुझाई गई।
आग से लाखों के ट्रांसफार्मर का तेल, कॉपर और तांबे का तार सहित अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल गए। आग इतनी भयानक थी कि 500 मीटर दूर तक लपट और महक के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई।
विज्ञापन
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। बिजली विभाग की तरफ से किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है। एक साल पहले भी इस वर्कशॉप के गोदाम में आग लगी थी।